औरैया। यूपी एसटीएफ द्वारा 16 जून को गौतमबुद्ध नगर से ऑनलाइन ठगी में पकड़े गए दो शातिरों के बाद गिरोह में शामिल अन्य लोगों की कुंडली खंगालने में औरैया पुलिस जुटी है। गिरोह के तार जिले से भी जुड़े हैं। एसपी का कहना है कि जल्द ही एक टीम दिल्ली-नोएडा भेजी जाएगी।
सदर कोतवाली क्षेत्र में गांव तुर्कीपुर निवासी फिरोज अहमद ने ऑनलाइन 70 हजार रुपये की ठगी का मामला दर्ज कराया गया था। इस मामले में सर्विलांस व एसओजी टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इस बीच यूपी एसटीएफ ने 16 जून को गौतमबुद्ध नगर में एक कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया था।
वहां से एसटीएफ ने कई लोगों को गिरफ्तार किया था। जिसमें औरैया में दर्ज ठगी के मामले के दो आरोपियों दिलशाद व अर्जुन को पकड़ा गया था। आरोपियों के पास से विभिन्न इंश्योरेंस कंपनी के ग्राहकों के दस्तावेज भी बरामद हुए थे। एसटीएफ पूरी गहनता से छानबीन करने में जुटी है। औरैया पुलिस भी ठगी करने वालों के पास मिले दस्तावेजों की जांच कर रही है।
एसपी अपर्णा गौतम ने कहा कि ऑनलाइन ठगी करने वालों के तार जिले से जुड़े होने के कारण उनका ब्योरा पता किया जा रहा है। अपराधियों के पास मिले दस्तावेज काफी ज्यादा हैं, उनकी जांच की जा रही है। एसटीएफ भी इस प्रकरण की पूरी जानकारी करने में जुटी है। जल्द ही एक टीम दिल्ली नोएडा भेजी जाएगी।