अजीतमल (औरैया)। गैंग बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन चोरों को पुलिस ने बीती रात जुआ पुल के पास से गिरफ्तार किया। इस दौरान दो चोर भागने में सफल रहे। पुलिस ने चोरों की निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद किया है।
बीती रात अटसू निवासी अखिलेश कुमार पांडेय की अटसू कस्बे मेें अछल्दा रोड पर स्थित इलेक्ट्रिक की दुकान से चोरों ने पीछे का दरवाजा तोड़कर सामान पार कर दिया था। पीड़ित की ओर से तहरीर मिलने के बाद एसआई देशराज के नेतृत्व में गठित टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई थी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पुलिस टीम ने चोरी की घटना को अंजाम देने के तीन आरोपियों मोहल्ला रामनगर निवासी आदित्य कुमार पुत्र राधेश्याम कुशवाहा, अटसू कस्बे के मोहल्ला नवीन नगर निवासी अभिमन्यु पोरवाल पुत्र विष्णु पोरवाल, गांव चांवरपुर निवासी सचिन राजपूत पुत्र अरविंद कुमार को जुआ पुल के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी किया गया सामान जेनरेटर, केबिल, इन्वर्टर आदि सामान भी बरामद किया है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कस्बे में हुई कुछ और चोरियों की भी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। जबकि फरार हुए साथियों में अटसू कस्बा निवासी आकाश पोरवाल पुत्र शिवशंकर व गांव पृथ्वीपुर निवासी गुलशन पुत्र मानसिंह को पकडने के लिये दबिश दी जा रहीं हैं। शीघ्र ही वह भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।