दिबियापुर (औरैया)। समाजवादी पार्टी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव और उनके साथियों पर जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज हुई है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया गया। बात न मानने पर जानलेवा हमला किया।
शैलेंद्र कुमार पुत्र चंद्रभान निवासी ऊमरसना ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 23 अगस्त की रात वह अपने घर पर सो रहा था। तभी धर्मेंद्र यादव पुत्र सतीश, सोनू पुत्र आसाराम निवासी ऊमरसाना, उदयवीर पुत्र राकेश सिंह निवासी लखनपुर, प्रभात उर्फ टीटू पुत्र शिव शंकर व शिवम उर्फ मामू निवासी ककुरिया आए और उनके परिजनों पर जानलेवा हमला कर दिया। कहा कि अपने लड़के शैलेेंद्र से कहें कि गुड्डू यादव के खिलाफ दर्ज कराई गई रिपोर्ट वापस ले ले। वरना अंजाम भुगतने को तैयार रहे।
माता पिता को जान से मारने की धमकी देते हुए फायर कर दिया। जाते जाते जान से मारने की धमकी दे गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सभी के खिलाफ जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक अनिल विश्वकर्मा का कहना है कि गुड्डू यादव पर शैलेंद्र ने लगभग दो माह पहले एससी एसटी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी मामले में समझौते का दबाव बनाने में घटना की गई। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।