औरैया। सोशल मीडिया पर भगवान श्रीराम पर टिप्पणी से खफा शंकर दल के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को रोडवेज बस स्टैंड के सामने धरना देने का एलान किया था। शुक्रवार को संगठन के पदाधिकारी पूर्व निर्धारत कार्यक्रम के तहत धरना देने पहुंचे तो पहले से वहां मौजूद पुलिस ने धरना नहीं देने दिया।
जिला सूचना अधिकारी द्वारा सोशल मीडिया पर भगवान श्रीराम के पर टिप्पणी करने से शंकर दल के साथ कई अन्य दलों के पदाधिकारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। उन्होंने शुक्रवार को जिला सूचना अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर धरना देने का ऐलान किया था। जानकारी होते ही भारी पुलिस बल ने उन्हें रोडवेज बस स्टैंड के सामने घेर लिया और धरना नहीं देने दिया। हालांकि बाद में उन्होंने डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर रमेश चंद्र यादव को सौंपा।
एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में पदाधिकारियों ने औरैया में जिला सूचना अधिकारी पद पर कार्यरत अनिल कुमार स्वेता द्वारा पिछले कुछ दिनों से लगातार फेसबुक के जरिए विभिन्न प्रकार की जातिवादी, भगवान राम के साथ-साथ उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ पर टिप्पणी करते हुए पोस्ट डालने को पद की मर्यादा के खिलाफ बताया। शंकर दल के लोगों ने डीएम से जिला सूचना अधिकारी पर समाज विरोधी गतिविधियों के चलते रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में शंकर दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यम गहोई, हिंदू जागरण मंच के जिला महामंत्री सोनू दुबे, रक्षक संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सागर शुक्ला एडवोकेट, श्रीराम हिंदू मोर्चा के अध्यक्ष ध्रुव गहोई के अलावा साधु गुप्ता, आशीष गहोई, अविनाश, गोपाल, जय गुप्ता, कुश अवस्थी, पवन दीक्षित, सौरभ पांडेय आदि मौजूद रहे।