बिधूना (औरैया)। खेत पर दवा डालने गए युवक को गांव के दबंगों ने घेरकर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल की चीख-पुकार सुनकर बचाने गई युवक की मां के साथ भी दबंगों ने मारपीट कर दी। लोगों ने मां-बेटे को गंभीर हालत में इलाज के लिए सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया। जहां से चिंताजनक हालत में मां-बेटे को औरैया रेफर कर दिया गया।
रविवार को सुबह लगभग 9 बजे कोतवाली क्षेत्र के गांव बरुआ निवासी हिमांशु पुत्र महेंद्र सिंह अपने खेत पर दवा डालने गए थे। तभी गांव के कुछ दबंगों ने एक राय होकर हिमांशू को लाठी-डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। युवक की चीख-पुकार सुनकर उसको बचाने पहुंची युवक की मां रमादेवी को भी दबंगों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया।
घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर दबंगों से मां-बेटे को बचाया और गंभीर हालत में इलाज हेतु सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया। जहां से मां-बेटे को चिंताजनक हालत में औरैया रेफर कर दिया गया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मां-बेटे के साथ मारपीट करने वाले दबंगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।