सहायल (औरैया)। गांव पहाड़पुर में दबंगों की पिटाई से क्षुब्ध होकर नवविवाहिता के जान देने के मामले में पुलिस तीन दिन बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इससे परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। महिला के घर वालों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
गांव पहाड़पुर निवासी नवविवाहिता बीना पत्नी बलबीर दबंगों को अपने पति को शराब पिलाने से मना करती थी। इससे गुस्सा दबंगों ने बीना की जमकर पिटाई की थी। इससे क्षुब्ध होकर उसने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी थी।
बीना के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने भोला, सुल्तान, बलवीर, सतीश व ब्रजेश निवासी पहाड़पुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि सभी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।