औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के दयालपुर मोहल्ले में रविवार को एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के अंदर मिला है। शरीर में कई जगह जलने के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
दयालपुर निवासी मुलायम सिंह (40) पुत्र रूपराम की संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर कमरे में मौत हो गई। परिजनों के रोने की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद मोहल्ले के लोग युवक को लेकर 50 शय्या जिला अस्पताल पहुंचे, वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि मृतक मजदूरी करता था।
रविवार की दोपहर लगभग 3 बजे उसके घर से परिजनों के रोने की आवाज आई तो उन लोगों ने जाकर देखा। जहां कमरे के अंदर युवक बेहोशी की हालत में पड़ा था। उसके शरीर में कई जगह जले के निशान थे। इससे यह प्रतीत हो रहा था कि मृतक करंट की चपेट में आया हो। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने बताया कि मृतक के शरीर में कई जगह जलने जैसे निशान पाए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की सही वजह का पता चल सकेगा।