बेला(औरैया)। गांव गैली में गुरुवार की शाम नशेबाजी में बड़े भाई की लाठी से पीट-पीट कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने हत्यारोपी छोटे भाई को शनिवार को जेल भेज दिया। वहीं, बड़े भाई राणा सिंह ने गांव गैली में ही भाई का अंतिम संस्कार किया।
गांव गैली में गुरुवार की शाम दो सगे भाई सिंहराम सिंह (35) व छविनाथ सिंह पुत्र किशन सिंह के बीच नशेबाजी में झगड़ा हो गया। एक बार ग्रामीणों ने समझा बुझाकर शांत करा दिया था। शाम को दोनों फिर से शराब पीकर लड़ने लगे। छोटा भाई छविनाथ घर के अंदर से लाठी उठा लाया और बड़े भाई सिंह राम को पीटने लगा। ग्रामीण मूक दर्शक बन वीडियो बनाते रहे। पिटाई से सिंहराम की मौत हो गई।
चौकीदार रामराज की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्यारोपी भाई छविनाथ को हत्या में प्रयुक्त लाठी सहित गिरफ्तार कर लिया। हत्यारोपी को शनिवार को जेल भेज दिया गया। वहीं, पंजाब से लौटे बड़े भाई ने सिंहराम का गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया।