अजीतमल। कोतवाली परिसर में शव रखकर हंगामा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करना परिजनों को भारी पड़ गया। कोतवाली पुलिस ने 29 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर 23 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में सभी को निजी मुचलके पर छोड़ा।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के हैदरपुर गांव में 26 जून को नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार किया था। 28 जून की रात जेल भेजे गए गौरव के नाना वृद्ध रामकिशन की छत से गिरकर मौत हो गई। इस पर 29 जून को परिजनों ने गांव के ही अशोक, ओम जी, ब्रजेंद्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई।
उसी दिन रात करीब 7:30 बजे रामकिशन का शव लेकर परिजन कोतवाली पहुंचे और हंगामा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने थाने के अंदर शव रखकर हंगामा करने, लॉकडाउन का उल्लंघन, तोड़फोड़ करने सहित कई धाराओं में 23 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि 29 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। गिरफ्तार लोगों को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया है।