औरैया। ककोर में बंबा की पुलिया के पास 23 जून की सुबह अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (प्रथम) राजेश चौधरी व अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक कोर्ट) रामनेत पर हमले के मामले में सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद पुलिस सफेद स्कार्पियो की सरगर्मी से तलाश करने में जुटी है।
एसपी सुनीति ने बताया कि घटना के खुलासे को लेकर लखनऊ से आई बैलेस्टिक टीम की ओर से अभी जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने में अभी लगभग पांच-छह दिन लग जाएंगे। उम्मीद है जल्द ही पूरी घटना का पर्दाफाश होगा। बैलेस्टिक टीम से कार पर किए गए हमले में प्रयोग की गई वस्तु को लेकर कई और बिंदुओं पर भी गहनता से जांच करने का काम किया जा रहा है।
दोनों एडीजे 23 जून मंगलवार की सुबह दिबियापुर गेल स्थित आवास से कचहरी जा रहे थे। ककोर में बंबा की पुलिया के पास पहुंचते ही कार पर हमला हो गया था। इसमें कार का शीशा जोर की आवाज के साथ टूट गया था। घटना के अगले दिन बुधवार को लखनऊ से आई बैलेस्टिक टीम ने सीन रिक्रिएट किया। चालक को कार समेत मौके पर ले जाकर साक्ष्य जुटाए थे। गुरुवार को कार के टूटे शीशे को जांच के लिए लखनऊ भेजा गया था।