औरैया। सदर कोतवाली कार्यालय में शनिवार को दोपहर एक मामले में पहुंचे आरोपी ने वहां रखी लाठी उठाकर ड्यूटी पर तैनात सिपाही के सिर पर मार दी। सिपाही ने हाथ लगाकर किसी तरह सिर बचाया। लाठी लगने से उसके हाथ की अंगुलियों से खून बहने लगा। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। आरोपी युवक को पुलिस ने मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।
शनिवार को दोपहर लगभग 12 बजे आरोपी अतुल गुप्ता पुत्र प्रेमशंकर निवास मोहल्ला पढ़ीन दरवाजा की पत्नी कंचन गुप्ता पति द्वारा की गई मारपीट की शिकायत लेकर कोतवाली पहुंची। यहां पुलिस कर्मी पीड़िता की बात सुन ही रहे थे कि तभी कोतवाली पहुंचे अतुल गुप्ता ने पूछताछ कर रहे पुलिस कर्मियों से अभद्रता की।
इस पर पुलिस कर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन न मानने पर उसे कोतवाली में बैठा दिया। इसी बीच ड्यूटी पर तैनात सिपाही सुमित कुमार कार्यालय में बैठा काम कर रहा था। आरोपी युवक सिपाही को गालियां देने लगा। सिपाही ने मना किया तो आरोपी युवक अतुल ने पास में रखी लाठी उठाकर उसके सिर पर मारी। लाठी सिर पर लगते देख सिपाही ने अपने को बचाने का प्रयास किया। जिससे लाठी सिपाही के हाथ पर लगने से अंगुलियों से खून बह निकला।
वहां मौजूद पुलिस कर्मी तत्काल उसे 50 शय्या जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया। पीड़ित सिपाही ने कोतवाली में मामला दर्ज कराने को तहरीर दी। इसके अलावा पीड़ित पत्नी ने भी पति के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।