औरैया। इटावा-कानपुर हाईवे पर गांव चिरुहली के पास 16 मई की सुबह सड़क पर खड़ी डीसीएम व ट्राला की भिड़ंत की घटना में फरार ट्राला चालक को पुलिस ने मंगलवार को सदर कोतवाली क्षेत्र में कचहरी के पास से गिरफ्तार किया। चालक को जेल भेजने के बाद पुलिस अब ट्राला मालिक के पति की तलाश में जुट गई है।
गांव चिरुहली के पास हुए इस हादसे में चूने की बोरियों के नीचे दबकर 26 प्रवासी मजदूरों की मौके पर मौत हो गई थी। दो मजदूरों ने सैफई में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इस हादसे में अब तक 29 लोगों की मौत हो चुकी है। ट्राला चालक मोहम्मद अख्तर पुत्र नारंगी खान निवासी पिपरौली थाना रामगढ़ जिला अलवर राजस्थान घटना के बाद फरार हो गया था।
एएसपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि ट्राला चालक मोहम्मद अख्तर मंगलवार को अपनी जमानत कराने के सिलसिले में औरैया कचहरी में वकील से मिलने आया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि इसके अलावा पुलिस को अभी ट्राला मालिक निशा जैन के पति की तलाश है। एएसपी ने बताया कि घटना के बाद दोनों वाहनों के चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हादसे में घायल डीसीएम चालक का सैफई में इलाज हो रहा है।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार ट्राला चालक ने पूछताछ में बताया कि वह अलवर से रिको इंड्रस्ट्रियल का चूना (पुट्टी) ट्राला में लादकर भरतपुर के रास्ते पटना जा रहा था। 16 मई को गांव चिरुहली के पास पहुंचते ही उसे अचानक झपकी आ गई और ट्राला सड़क के किनारे खड़ी डीसीएम से टकरा गया।