अयाना (औरैया)। एसडीएम बिधूना रमेश यादव ने रविवार को लोअर व टी शर्ट में बीहड़ी क्षेत्र के गांव सेंगनपुर का जायजा लिया। इस दौरान एक दुकान खुली मिलने पर ग्राहक बनकर पान मसाला मांगा। दुकानदार ने उन्हें पान मसाला पकड़ा दिया। इस पर उन्होंने फोर्स बुलाकर दुकान का सारा माल जब्त करते हुए दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिया।
लॉकडाउन के दौरान दुकान खुलने के निर्धारित समय के बाद रविवार को दोपहर एसडीएम बिधूना रमेश यादव सेंगनपुर गांव पहुंचे। 11:15 बजे एक किराने की दुकान खुली मिलने पर उन्होंने ग्राहक बनकर दुकानदार राजनारायण से पान मसाला मांगा। दुकानदार ने उन्हें पान मसाला थमा दिया। इस पर एसडीएम ने सीओ अजीतमल कमलेश नारायण पांडेय, एसओ अयाना गया प्रसाद वर्मा, लेखपाल मोहित श्रीवास्तव को बुलाया और दुकान की छानबीन कराई।
दुकान में पांच पैकेट कमला पसंद, चार पैकेट राजश्री, 21 पैकेट करमचंद्र, 230 पुड़िया मैनपुरी, 20 पैकेट विनोद छाप तंबाकू, 55 डिब्बी कैप्टन सिगरेट, 15 डिब्बी गोल्ड फ्लैक्स सिगरेट, छह डिब्बी टोटल सिगरेट की मिली। एसडीएम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएन वर्मा को दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया है। खाद्य अधिकारी ने दुकान का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया है। वहीं, दुकानदार राजनारायण का कहना है कि वह बिक्री नहीं कर रहे थे। गोदाम खुलवाकर सामग्री जब्त की गई है।