फफूंद (औरैया)। फफूंद कस्बे में कोरोना वायरस को लेकर चल रहे लॉकडाउन का पालन कराने के लिए गश्त कर रही पुलिस को सड़क पर बाइक से घूम रहे कुछ लोगों को घरों में रहने के लिए कहने पर आरोपी भड़क उठे और पुलिस से बहस करने लगे। इसी दौरान पास मौजूद उनके घर से महिलाओं ने पथराव भी कर दिया। पुलिस फोर्स पहुंचा तो आरोपी भाग निकले। पुलिस ने मौके से मां-बेटी को पकड़ लिया और उन्हें थाने ले गई।
शुक्रवार की शाम साढ़े सात बजे पुलिस टीम ने कस्बे में पैदल गश्त कर लोगों को घर के अंदर रहने के लिए जागरूक कर रही थी। नगर के चमनगंज तिराहे पर स्थित पूर्व सरकारी अस्पताल के पास भीड़ इकट्ठा देख पुलिस टीम उनको भगाने लगी। पुलिस के मुताबिक इस दौरान वहीं रहने वाले हसीन पुत्र राजू व राजू पुत्र रामसेवक को बाइक पर देखा तो पुलिस ने उन्हें बाइक पर एक सवारी होने के कानून का पालन करने को कहा।
इसके बाद आरोपियों ने उत्तेजित होकर पुलिस से हाथापाई शुरू कर दी। आरोपियों के साथ घर से भी किसी महिला ने पत्थर फेंका। जिस पर थाने से महिला फोर्स बुलाकर पुलिस ने मोर्चा संभाला तो आरोपी भाग निकले और घर से भाग रही मां-बेटी को पुलिस टीम थाने ले आई। प्रभारी निरीक्षक संजीव राठौर ने बताया कि पुलिस गश्त के दौरान एक घर से ईंट-पत्थर पुलिस टीम पर फेंके गए। किसी को चोट नहीं आई है। रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।