अयाना (औरैया)। थाना क्षेत्र के रामपुर प्रताप सिंह गांव से 13 मार्च को अपहृत हुए धनंजय (8) के खून से सने कपड़े, चप्पल व हड्डियों के टुकड़े मंगलवार को उसके ही खेत से बरामद हुए हैं। पुलिस ने सभी के सैंपल एकत्रित कर अपने पास सुरक्षित रख लिए हैं। अब इन नमूनों को डीएनए जांच के लिए फोरेंसिक लैब लखनऊ भेजने की तैयारी की जा रही है। इस मामले में पहले ही अयाना थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है।
रामपुर प्रताप सिंह गांव निवासी धारा सिंह सुबह अपने गेंहू के खेत में पहुंचे। वहां गेंहू की बालियों के बीच बेटे धनंजय के खून से सने कपड़े पड़े देखे। धारा सिंह की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में वहां से चप्पल, बाल व हड्डियों के अवशेष भी बरामद किए। पुलिस का कहना है कि अपहृत धनंजय का पता लगाया जा रहा है। उसके खेत से बरामद हुए कपड़ों व हड्डियों के अवशेष किसके हैं। इसका पता लगाने के लिए उनका डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। इसके लिए बरामद बाल और हड्डी सैंपल लिए गए हैं। परिजनों ने 16 मार्च को मिले कंकाल के अवशेष के धनंजय के होने की आशंका जताई है।
इधर, थानाध्यक्ष गया प्रसाद वर्मा ने बताया कि खेत में डॉग स्क्वाड बुलाकर जांच कराई गई है। खेत में मिले कंकाल के अवशेष का डीएनए टेस्ट कराने के लिए उन्हें लैब भेजा जाएगा। लोग धनंजय की बलि दिए जाने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि डीएनए रिपोर्ट आने के बाद सारी स्थिति साफ हो जाएगी।