औरैया। सदर कोतवाली पुलिस ने बुधवार की रात टिकौली गांव के पास मुठभेड़ में दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से पुलिस ने दो तमंचा, दो कारतूस, एक खोखा, दो मोबाइल फोन व 470 रुपये नगद बरामद किया है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। पकड़े गए दोनों बदमाशों ने एक फरवरी को बाइक सवार युवक से लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की गई है।
एएसपी कमलेश दीक्षित व सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि सदर कोतवाली उप निरीक्षक सुधीर कुमार भारद्वाज, एसआई सुरेंद्र कुमार, कांस्टेबल अंकुर, आशीष कुमार, जितेंद्र चौधरी व राकेश कुमार के अलावा सर्विलांस टीम के धर्मेंद्र कुमार व मनीष कुमार ने बुधवार की रात हाईवे पर करमपुर मार्ग पर गश्त के दौरान टिकौली गांव के पास खड़े दो व्यक्तियों को संदेह के आधार पर पकड़ने का प्रयास किया। इस पर दोनों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। हालांकि पुलिस टीम बाल-बाल बच गई। टीम ने दोनों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाशों के नाम अनमोल तिवारी पुत्र मुकेश निवासी फतेहपुर करम औरैया तथा इमरान उर्फ बब्बन पुत्र आजाद निवासी गांव समरथपुर औरैया है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि एक फरवरी को अयाना थाना क्षेत्र में हाईवे पर स्थित दीपाली होटल के पास बाइक सवार संदीप पुत्र कोमल निवासी स्वरूप नगर अयाना से तमंचे के बल पर 20 हजार रुपये लूटे थे।
एएसपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि इस घटना में शामिल मनीष चौहान उर्फ भोला को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए अनमोल तिवारी पर विभिन्न मामलों में तीन मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित है।