औरैया। बिधूना कोतवाली क्षेत्र निवासी एक पीड़िता ने महिला थाना पुलिस को तहरीर देकर ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज की मांग पूरी न कर पाने के चलते मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि उसके चार बच्चे हैं। पुलिस ने पति समेत पांच ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिधूना निवासी नूर बानो पुत्री जान मोहम्मद ने महिला थाना पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी इटावा जिले के गांव बसरेहर निवासी लतीफ खान पुत्र नसरुद्दीन के साथ हुई थी। शादी के बाद से ससुरालीजन दहेज में पांच लाख रुपये की मांग करने लगे।
मांग पूरी करने में असमर्थता जताई। इस बात को लेकर ससुरालीजनों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। कई बार उसके ससुरालीजनों द्वारा दी जा रही प्रताड़ना को लेकर समझौता के लिए पंचायत भी हुई। इसके बाद भी उसे प्रताड़ित किया जाता रहा। बताया कि ससुरालीजनों ने उसे मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने पति लतीफ खान, देवर इरशाद, देवरानी शबीना बेगम, ननद अमीना बेगम, सास संजीदा बेगम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।