औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पढ़ीन दरवाजा निवासी एक युवक से ऑनलाइन कार बेचने को लेकर हजारों रुपये की ठगी हो गई। आरोपी ने खुद को थल सेना अधिकारी बताकर ठगी की है। पीड़ित युवक ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहल्ला पढ़ीन दरवाजा निवासी गौरव पाल पुत्र अरविंद पाल ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि उसने ओएलएक्स एप पर कार का विज्ञापन देख खरीदने के लिए संपर्क किया। उसकी बात मोहम्मद सैफ सिद्दीकी पुत्र खैरूल छुद्दा सिद्दीकी निवासी खुर्रम नगर लखनऊ से हुई। बातचीत के दौरान उस व्यक्ति से 1.60 लाख रुपये में कार बेचने की बात फाइनल हुई। उस व्यक्ति ने अपने पेटीएम एकांउट पर 5120 रुपये भेजने को कहा। साथ ही यह भी कहा कि रुपये आते ही दूसरे दिन कार उसके पास पहुंच जाएगी। इस पर उसने उसके पेटीएम खाते में रकम भेज दी। इसके बाद फिर रुपये की मांग की गई।
तीन बार में उसने 28 हजार 120 रुपये भेजे। इसके बाद भी उसे कार नहीं मिल सकी। इस पर उसने जब मोहम्मद सैफ से अपना आक्रोश व्यक्त किया तो मोहम्मद सैफ ने अपने को थल सेना का अधिकारी बताते हुए कहा कि वह कुछ भी नहीं कर सकता उसका। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।