अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर गढिय़ा ओवर ब्रिज के समीप एक फर्नीचर की दुकान से रविवार की रात चोरों ने लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। सोमवार को सुबह तक दुकान मालिक ने दुकान खोली तो सामान अस्त-व्यस्त मिला। घटना की लिखित तहरीर दुकान मालिक ने कोतवाली में दी है।
अजीतमल कस्बे के मोहल्ला अम्बेडकर नगर निवासी शिव कुमार तिवारी नेशनल हाईवे पर गढिय़ा ओवरब्रिज के समीप फर्नीचर की दुकान किए हुए हैं। दुकान में फर्नीचर की बिक्री के साथ-साथ नया फर्नीचर बनाया भी जाता है। रविवार को वह दुकान को बंद कर घर चला गया।
सोमवार को सुबह 9 बजे वह दुकान पर आया और ताला खोलकर जैसे ही अंदर प्रवेश किया तो अंदर रखा सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अंदर रखे जेनरेटर का डायनुमा के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक मशीनें गायब थी। दस कंबल, तकिया, गद्दे और चादर भी गायब मिले। चोर मकान के पिछले हिस्से से ऊपर चढ़े और जीने में लगे गेट की जाली काटकर अंदर घुसे। घटना की लिखित तहरीर दुकान मालिक शिव कुमार ने अजीतमल कोतवाली में दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के संबंध में जानकारी ली। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।