औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गुरूहाई में शुक्रवार की रात चोराें ने छत से सीढ़ियों के रास्ते एक किन्नर के घर में घुसकर लाखों की चोरी की घटना में कोतवाली पुलिस खुलासे के नजदीक पहुंच गई है। इस मामले में पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है। कोतवाली में उनसे पूछताछ की जा रही है।
मोहल्ला गुरूहाई निवासी किन्नर बबली के घर में शुक्रवार की की रात चोरों ने उस समय छत से सीढ़ियों के रास्ते घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। जब वह लोग एक शादी समारोह में गए हुए थे। सुबह जब वह वापस लौटे तो मुख्य गेट का ताला खोलते ही उनके होश फाख्ता हो गए। अंदर कमरे का ताला टूटा हुआ था तथा पूरे घर में सामान बिखरा पड़ा था।
इस प्रकरण में किन्नर ने कोतवाली पुलिस में मामला दर्ज कराया था। जिसमें कोतवाली पुलिस लगातार मामले के खुलासे को लगी थी। सूत्रों के मुताबिक इस पूरी चोरी की घटना में स्मैकिया युवकों का हाथ है। वहीं कई ऐसे लोग भी हैं जिनके ऊपर लाखों रूपये का कर्ज भी है।
उधर पुलिस ने रविवार की शाम तीन युवकों को हिरासत में लिया है। इस संबंध में सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ ने बताया कि मामले में अभी जांच की जा रही है। उम्मीद है। एक-दो दिन में पूरा खुलासा हो जाएगा।