बेला (औरैया)। गांव नौसारा में गुरुवार की रात बिधूना के ब्लॉक प्रमुख द्वारा पड़ोसी के घर में धावा बोलकर मारपीट कर नाबालिग छात्रा को अगवा करने के मामले में पुलिस अभी तक न अगवा बेटी का सुराग लगा सकी है और नहीं ब्लॉक प्रमुख को गिरफ्तार कर सकी है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है। छात्रा के पिता का आरोप है कि आरोपी पक्ष की ओर से उसे धमकी भरे फोन आ रहे हैं।
उधर, एहतियात के तौर पर गांव में दोनों घरों के बीच में पुलिस तैनात है। पुलिस दोनों ही परिवारों की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है। मालूम हो कि ब्लाक प्रमुख का 24 नवंबर को विवाह होना था। बरात कन्नौज जानी थी।
बेला थाना क्षेत्र के गांव नौसारा में गुरुवार की रात ब्लॉक प्रमुख बिधूना कौशलेंद्र राजपूत ने पड़ोसी के घर में घुसकर मारपीट करने के बाद उसकी नाबालिग बेटी को अगवा कर लिया था। इस मामले में पड़ोसी ने ब्लॉक प्रमुख व उसके पिता समेत पांच लोगों के खिलाफ मारपीट व बेटी का अपहरण करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं, ब्लॉक परिजनों की ओर से पड़ोसी समेत पांच लोगों को खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट लिखाई गई थी। इस मामले में पुलिस अभी तक आरोपी ब्लॉक प्रमुख व अन्य को गिरफ्तार नहीं कर सकी है और अपहृत छात्रा का भी पता नहीं लगा सकी है।
उधर, अगवा छात्रा के पीड़ित पिता का आरोप है कि आरोपी पक्ष की ओर से धमकी भरे फोन आ रहे हैं। उन्होंने फोन कॉल रिकार्ड कर पुलिस को दिया है। वहीं, बेला थानाध्यक्ष ब्रजेश भार्गव ने बताया कि आरोपी ब्लॉक प्रमुख कौशलेंद्र राजपूत और परिवार के अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गईं हैं। आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। उधर, एसपी सुनीति के आदेश पर ब्लॉक प्रमुख व सभी परिजनों के मोबाइल फोन सर्विलांस में लगा दिए गए है। छात्रा को बरामद करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।