औरैया। सदर कोतवाली के देवकली चौकी क्षेत्र स्थित यमुना नदी में शुक्रवार की शाम कूदे युवक का शव रविवार को दोपहर शहर से सटे जालौन जिले की सीमा के गांव सनगढ़ में नदी में उतराता हुआ मिला। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त योगेंद्र के रूप में की। जालौन पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यमुना नदी में शुक्रवार की शाम लगभग 6:30 बजे एक युवक के नदी में कूदने व उसकी बाइक, दो मोबाइल व हेलमेट के पुल पर पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सामान कब्जे में लिया। पुलिस ने गोताखोरों को लगाकर युवक की तलाश कराई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
रविवार को दोपहर पुलिस ने शहर से सटी जालौन जिले की सीमा के गांव सनगढ़ के पास एक युवक के शव को पानी में उतराता हुआ बरामद किया। इस संबंध में योगेंद्र के परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त योगेंद्र के रूप में की।
मालूम हो कि योगेंद्र सिंह के पिता जयदेव सिंह ने कोतवाली पुलिस को चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए पुत्र का अपहरण कर गायब करने व अनहोनी होने की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की गुहार लगाई थी। पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि रविवार को युवक का शव मिला।
इस मामले में इंस्पेक्टर कोतवाली आलोक कुमार दुबे ने बताया कि परिजनों ने शव को जालौन जिले की सीमा में बरामद होने पर जालौन जिले में ही पोस्टमार्टम कराए जाने की इच्छा जताई थी। इस पर जालौन पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।