सहायल (औरैया)। गांव बिचौली में शनिवार की रात कुछ लोगों ने जमीन के विवाद में मंदिर के पुजारी को लाठी डंडों से जमकर मारापीटा। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल पुजारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि घटना की तहरीर अभी नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
गांव बिचौली निवासी पातीराम उर्फ निर्मलदास पुत्र रामसनई गांव के बाहर स्थित मंदिर में पूजा पाठ करते हैं। बाबा पातीराम का गांव के ही एक व्यक्ति से जमीन को लेकर रंजिश चल रही है।
आरोप है कि शनिवार की रात आरोपी ने अपने तीन-चार साथियों के साथ बाबा पातीराम पर हमला कर दिया। लाठी डंडों से पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर उन्हें मरणासन्न हालत में छोड़ कर भाग गए। रविवार की सुबह गांव वालों ने उन्हें लहूलुहान देखा तो पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायल पुजारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर, थाने के उप निरीक्षक गिरीशचंद्र ने बताया कि अभी मामले की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।