मुरादगंज(औरैया)। ऊंचा चौकी क्षेत्र के ग्राम चपटा में बुधवार की रात चोरों ने एक निजी कंपनी के कमीशन एजेंट के घर से नगदी व जेवरात सहित करीब तीन लाख का सामान पार कर दिया। घटना के समय परिजन गांव में चल रहे चुनाव के लिए दूसरे के घर में थे। देर रात घर लौटने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
बुधवार को ग्राम चपटा में कोटा डीलर के लिए चुनाव प्रक्रिया चल रही थी। जिस कारण प्रत्याशियों ने अपने-अपने पक्ष के लोगों को एक जगह एकत्र कर रखा था। जिससे गांव के अधिकतर घरों में सन्नाटा था। इस बीच चोरों ने मौके का फायदा उठाकर कुलदीप कुमार उर्फ अन्नू पुत्र रामस्वरूप अवस्थी के घर को निशाना बनाया। घर में रखे 65 हजार रुपये नगद व करीब ढाई लाख कीमत के जेवर चोरी कर लिए। रात चुनाव में विजेता घोषित होने के बाद करीब 11 बजे जब परिवार घर पहुंचा तो घर का सामान अस्त-व्यस्त देखकर होश उड़ गए। नगदी व जेवर देखे तो अपनी जगह से गायब थे। रात में ही परिजनों ने डॉयल 112 नंबर पर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है। कुलदीप गांव में खेती किसानी के अतिरिक्त एक निजी बैंक में कमीशन एजेंट के रूप में भी कार्य करता है। बुधवार को गांव में कोटा डीलर का चुनाव था जिसके लिए अजीतमल कोतवाली पुलिस समेत अन्य विभागों के अधिकारी भी गांव में मौजूद थे। लेकिन चोरो में अधिकारियों का जरा भी खौफ नहीं था और वह वारदात कर निकल लिए। पीड़ित ने अजीतमल कोतवाली में चोरी की तहरीर दी है।