औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को जालौन जिले के गोहन निवासी किसानों की बाजरा लदी ट्रैक्टर-ट्राली औरैया आते समय जालौन रोड पर पलटने से घायल हुए वृद्ध ने इलाज के दौरान सैफई में दम तोड़ दिया। वहीं एक अन्य का वहीं पर इलाज चल रहा है।
जालौन के जमरेही के ग्राम कुंडऊ थाना गोहन निवासी दिनेश कुमार पुत्र माखनलाल, शिव शंकर पुत्र गुलजारीलाल, रामानंद (65) पुत्र शादी लाल एवं एक अन्य युवक ट्रैक्टर ट्राली में भरे बाजरा के ऊपर बैठकर औरैया गल्ला मंडी बाजरा बेचने आ रहे थे।
दोपहर लगभग दो बजे जालौन रोड पर बीबीएस अकेडमी विद्यालय के पास सड़क पर बने गड्ढ़े को बचाने के दौरान सड़क किनारे पलट गया था। इसमें सवार दिनेश, शिव शंकर व रामानंद घायल हो गए थे। जबकि चौथा युवक मामूली रूप से चोटहिल हो गया था।
चालक द्वारा सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया था। जहां से गंभीर हालत में रामानंद व शिवशंकर को सैफई रेफर कर दिया गया था। इलाज के दौरान देर रात वृद्ध रामानंद की मौत हो गई। संवाद