सहार (औरैया)। पुरवा दानशाह में मां शेरावाली मंदिर के सामने गुरुवार की सुबह दो पक्षों में संघर्ष के मामले में दोनों पक्षों की ओर से बेला थाने में 13 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
वहीं, मंदिर के बाहर पड़े जिस खोखा व टिन शेड को लेकर विवाद हुआ था, प्रशासन ने उसे उठवाकर मंदिर के रास्ते से किनारे करवा दिया है। घटना के दूसरे दिन शुक्रवार को मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। एहतियात के तौर पर मंदिर के बाहर पूरे दिन फोर्स तैनात रही।
मालूम हो कि बेला थाना क्षेत्र के पुरवा दानशाह में गुरुवार को सुबह मां शेरावाली मंदिर के सामने पड़े टीन शेड व खोखा हटाने के विवाद में दो पक्षों में संघर्ष हो गया था। लाठी-डंडे और सरियों से हमले में आठ लोग घायल हुए थे। एक पक्ष ने लाइसेंसी बंदूक से फायर भी किया था। इस पूरे मामले में अनारकली पत्नी नत्थू वर्मा ने श्यामू शर्मा और रिकूं शर्मा समेत सात लोगों के खिलाफ घर में घुसकर छेड़छाड़, मारपीट और बलवा करने में सात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरे पक्ष से श्यामू शर्मा पुत्र रामबाबू शर्मा ने जान से मारने, बलवा करने में जसकरन वर्मा, अवधेश वर्मा समेत छह लोगों के खिलाफ बेला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उधर, बेला एसओ बृजेश भार्गव का कहना है कि पूरे मामले में दोनो पक्षों की ओर से 13 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो इसके लिए मंदिर के बार फोर्स है। एक पक्ष से कुलदीप वर्मा और दूसरे पक्ष से श्यामू शर्मा को हिरासत में लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।