अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के अटसू-अछल्दा रोड पर गुरुवार की रात चोरों ने एक परचून की दुकान से नगदी समेत हजारों का सामान पार कर दिया। पीड़ित नेे अटसू चौकी में तहरीर दी है। चोरी की वारदात से आसपास के दुकानदारों में खासी नाराजगी है।
अटसू-अछल्दा रोड पर योगेंद्र कुमार निवासी सबलपुर की परचून की दुकान है। गुरुवार की शाम वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चला गया। रात में किसी समय चोरों ने दुकान में हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार को सुबह जब वह दुकान खोलने को पहुंचा तो दुकान का पटरा टूटा और सामान बिखरा देख उसके होश उड़ गए।
चोरों ने दुकान में लगा टीन का पटरा तोड़कर दुकान का सामान और गुल्लक में रखे नगद एक हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित दुकानदार ने अटसू पुलिस चौकी जाकर घटना की तहरीर दी। तहरीर में कहा है कि चोर ने गुल्लक में रखे एक हजार रुपये नगद व दस हजार रुपये का सामान उठा ले गए। उधर, अटसू चौकी प्रभारी हेमंत कुमार का कहना है कि चोरी की घटना की उन्हें जानकारी नहीं है।