बिधूना। ससुराल से चचेरे भाई के साथ बुधवार को बाइक से घर आ रहे युवक की बाइक अनियंत्रित होकर बिधूना अछल्दा मार्ग पर बीराऊसर गांव के पास बिजली पोल से टकरा गई। चचेरे भाई की मौके पर मौत हो गई थी। वहीं, दूसरे युवक ने इलाज के दौरान सैफई अस्पताल में गुरुवार को दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों चचेरे भाई हेलमेट नहीं लगाए थे।
कुदरकोट थाना क्षेत्र के गांव धनवाली निवासी 32 वर्षीय श्यामनाथ अपनी ससुराल ग्वारी से अपने चचेरे भाई विजयनाथ के साथ बुधवार को घर जा रहे थे। बिधूना अछल्दा रोड पर बीराऊसर गांव के पास सड़क किनारे विद्युत पोल से बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। इससे विजयनाथ की मौके पर मौत गई थी। श्यामनाथ को गंभीर हालत में सीएचसी बिधूना से उपचार के बाद सैफई रेफर किया गया था। गुरुवार सुबह श्यामनाथ की इलाज के दौरान सैफई अस्पताल में मौत हो गई। दोनों युवकों की मौत से गांव में चीख-पुकार मच गई।
श्यामनाथ की पत्नी शीतला व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्रामीण यही कहते रहे कि हेलमेट लगा लिया होता तो शायद जान बच जाती। बिधूना कोतवाली के अपराध निरीक्षक जितेंद्र पाल सिंह ने बताया कि इलाज के दौरान दूसरे युवक की भी मौत हो गई है। यदि परिजन कोई तहरीर देते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।