औरैया। ग्राम पंचायत सदस्यों के खाली पदों पर हुए उपचुनाव की मतगणना सोमवार को पांचों ब्लॉकों में की गई। दोपहर तक चली मतगणना में 220 सदस्य निर्वाचित घोषित हुए और उन्हें प्रमाण पत्र जारी किए गए।
उप चुनाव में जिले के पांच ब्लॉकों में 220 ग्राम पंचायत सदस्यों और अछल्दा ब्लॉक की एक क्षेत्र पंचायत सदस्य की सीट पर 12 जून को मतदान हुआ था। जिसकी मतगणना सोमवार सुबह सात बजे से शुरू हुई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में मतगणना प्रारंभ की गई। मतगणना की रिकार्डिंग भी कराई गई। दोपहर तीन बजे तक सभी जीते प्रत्याशियों की घोषणा की गई और उन्हें आरओ द्वारा जीत का प्रमाण पत्र दिया गया। मतगणना स्थलों के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ रही। इसके कारण तिलक इंटर कालेज के बाहर जाम लग गया। पुलिस कर्मियों को भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा।
ब्लॉक निर्वाचित ग्राम पंचायत सदस्य बीडीसी
औरैया 142 00
भाग्यनगर 01 00
सहार 33 00
अछल्दा 31 01
ऐरवाकटरा 13 00
चार ब्लॉकों में 25 सीटें अब भी रिक्त
जिले के चार ब्लॉकों में अब भी 25 ग्राम पंचायत सदस्यों की सीटें रिक्त हैं। निर्वाचन अधिकारी की मानें तो इन सीटों पर कोई आवेदन नहीं किया गया था। जिसके कारण इन सीटों पर चुनाव नहीं कराया जा सका है। औरैया ब्लॉक में 10, भाग्यनगर में एक, सहार में 13, ऐरवाकटरा में एक सीट रिक्त हैं। निर्वाचन कार्यालय से अगली तिथि निर्धारित की जाएगी।
नहीं निकालने दिया जुलूस
जीत के बाद समर्थकों ने प्रत्याशी का माला पहनाकर स्वागत किया। मतगणना स्थल के बाहर मौजूद पुलिस कर्मियों ने उन्हें सख्त हिदायत दी यदि जुलूस निकाला तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। नारे लगाते प्रत्याशी के समर्थकों को भी सख्त चेतावनी दी।
प्रेमकली बनी क्षेत्र पंचायत सदस्य
अछल्दा (औरैया)। अछल्दा ब्लॉक की ग्राम पंचायत दशहरा प्रथम सीट पर क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव हुआ था। जिसमें प्रेमकली ने जीत दर्ज की। प्रेमकली को 559 वोट मिले। उनके प्रतिद्वंद्वी राजेश कुमार को 219 वोट मिले। तीसरे स्थान पर रहीं मंजू देवी को 164 मत मिले। इस सीट कुल चार लोगों ने दावेदारी की थी।