औरैया। जुलाई में चलाए जाने वाले क्लस्टर अभियान की शुरुआत शनिवार से होगी। अधिकारियों ने इसके लिए शुक्रवार देर रात कर पोर्टल पर स्लॉट बनाए और सभी ब्लॉकों में एक साथ अभियान शुरू करने की रणनीति भी बनाई। विभागीय अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार देरशाम को विभाग को नौ हजार वैक्सीन उपलब्ध कराई गईं हैं।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जुलाई में टीकाकरण के लिए चलाया जाने वाला क्लस्टर अभियान वैक्सीन की कमी के कारण स्थगित हो गया था। शुक्रवार शाम को वैक्सीन मिलने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि चार दिन से वैक्सीन का संकट था। वैक्सीन की कमी के कारण क्लस्टर अभियान पर रोक के साथ ही कई सेंटर पर बंद किए गए थे।
शुक्रवार शाम को जिले के नौ हजार से अधिक वैक्सीन प्राप्त हुईं हैं। जिसके कारण शनिवार से जिले के सभी ब्लॉकों में क्लस्टर अभियान चलेगा। इसके लिए सभी क्लस्टर टीमों को मैसेज भेजकर अभियान शुरू करने की जानकारी दे दी गई है। कोविन पोर्टल पर सभी ब्लॉकों के स्लॉट भी बनाए गए हैं।