औरैया। कोविड-19 में उपचार के दौरान लोगों को होम आइसोलेशन की सुविधा दी जा रही है। प्रदेश सरकार की तरफ से इसको बंद करने को लेकर कोई गाइड लाइन नहीं जारी की गई है। लोग अफवाहों पर ध्यान न दें। होम आइसोलेशन के बाद जांच जरूरी नहीं है। यह बात मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने कही।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की गाइड लाइन के अनुसार बिना लक्षण वाले कोरोना पॉजिटिव मरीज को होम आइसोलेशन में रहने की अनुमति दी जा रही है। इन मरीजों को घर पर रहकर आइसोलेशन संबंधी सारी सुविधाएं मिल रही हैं। होम आइसोलेशन में रहने वाले रोगियों को दस दिन बाद यदि बुखार नहीं आया है तो संक्रमण समाप्त माना जाता है।
अगले सात दिनों तक रोगी को घर पर ही रहकर अपने स्वास्थ्य पर निगाह रखने की सलाह दी जाती है। होम आइसोलेशन की समाप्ति के बाद जांच की आवश्यकता नहीं होती है। वर्तमान में 128 लोगों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। वहीं 542 लोगों का होम आइसोलेशन पूरा हो चुका है।