दिबियापुर (औरैया)। औरैया जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण केसों को देखते हुए अभी युवाओं को जिम में बाडी बिल्डिंग के लिए इंतजार करना पड़ेगा। एसडीएम औरैया रमेश यादव के अनुसार संक्रमण थमने व स्थिति सामान्य होने के बाद ही जिम खोले जाने की अनुमति दी जाएगी।
पिछले दिनों दिबियापुर में 21 जुलाई को एसडीएम रमेश यादव ने सहायल रोड, कलक्टरी रोड, इंदिरानगर एवं विकास कुंज में 4 जिमों को सील कर चाबियां उनके संचालकों को सौंप दीं थीं। साथ ही हिदायत दी थी कि जब तक जिला प्रशासन परमीशन नहीं देता। तब तक जिम नहीं खोले जाएंगे। बिना परमीशन के जिम खोलने पर जिम संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
इस बीच प्रदेश सरकार की गाइड लाइन में 5 अगस्त से जिम खोलने की परमीशन दिए जाने की बात कही गई थी। इसके चलते जिम संचालकों ने जिम खोलने की तैयारियां शुरू कर दीं थीं। जिम संचालक धीरज राठौर के अनुसार जिम खोलने की सभी गाइड लाइन का अध्ययन करके जिम खोलने की तैयारी कर ली गई है। जिम में प्रवेश से पहले थर्मल स्क्रीनिंग, बाहर ही हैंड वाश, जिम के अंदर सोशल डिस्टेंट मेंटेन करने के लिए स्पेस के साथ जिम आने वाले सभी लोगों को तौलिया और पानी लेकर आने के लिए कहा गया है।
जिम संचालकों ने एसडीएम कार्यालय में फोन करके परमीशन मांगी है। जैसे ही परमीशन मिलती है। जिम खोल दिया जाएगा। एसडीएम औरैया रमेश यादव का कहना है कि जिले में कोरोना संक्रमितों की बढ़ रही संख्या के कारण अभी जिम खोलने की परमीशन नहीं दी जा रही है। कोरोना संक्रमितों की संख्या घटने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा।