दिबियापुर (औरैया)। कानपुर देहात के गजनेर में स्थित लेवल वन आइसोलेशन वार्ड फुल होने से अब कानपुर मंडल के जिलों में मिलने वाले कोरोना संक्रमित मरीजों को दिबियापुर में भर्ती करना शुरू कर दिया गया है। रविवार को इटावा से दो व फर्रुखाबाद से तीन कोरोना संक्रमित दिबियापुर पहुंचे। संक्रमितों की संख्या बढ़ने से सीएचसी के आसपास की गलियां सील कर दी गईं हैं।
कानपुर मंडल में कानपुर के सरसौल, कन्नौज जिले के तिर्वा, इटावा के जसवंतनगर, कानपुर देहात के गजनेर एवं औरैया के दिबियापुर सीएचसी को लेवल वन का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया था। पिछले दिनों कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने से सरसौल, तिर्वा, जसवंतनगर आइसोलेशन वार्ड फुल हो चुके हैं।
नोडल अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी के अनुसार अब कानपुर देहात का 30 बेड का गजनेर आइसोलेशन वार्ड भी भर चुका है। अब कानपुर मंडल के किसी जिले में कोरोना संक्रमित मिलने पर दिबियापुर स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया जाएगा।
दिबियापुर सीएचसी अधीक्षक डॉ जितेंद्र यादव के अनुसार इटावा से दो ौर फर्रुखाबाद से तीन कोरोना संक्रमित दिबियापुर आए हैं। देर शाम को अन्य मरीजों के आने की संभावना है।