औरैया। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए दूसरी डोज अब 84 दिन बाद लगेगी। कोविन पोर्टल में हुए बदलाव के कारण सोमवार को सेंटरों पर दूसरी डोज लगवाने पहुंचे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा।
कोविन डिजिटल पोर्टल पर कोविशील्ड वैक्सीन की दो डोज के बीच का समय बढ़ा दिया गया है। नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि डिजिटल पोर्टल में जिसने पहली डोज के लिए रजिस्ट्रेशन कराया होगा, वह रजिस्ट्रेशन वैक्सीन की दूसरी डोज लिए भी मान्य होगा। जिन लोगों की दूसरी डोज का समय नजदीक है और उन्होंने रजिस्ट्रेशन करा लिया तो उसे कैंसल नहीं किया जाएगा। दूसरी डोज लगवाने की तिथियों में बदलाव किया गया है।
सर्वे कर रहीं टीमों से कहा गया है कि वह सभी को दूसरी डोज लगने के समय में हुई बढ़ोतरी की जानकारी दें। ताकि उन्हें सेंटरों तक न दौड़ना पड़ा। 50 शैय्या जिला संयुक्त चिकित्सालय में सोमवार को टीकाकरण सेंटर पर दूसरा टीका लगवाने के लिए पहुंचे लाभार्थियों को लौटा दिया गया। उनसे 84 दिन बाद ही आने को कहा गया। टीकाकर्मी रूबी ने बताया कि दूसरी डोज उन लाभार्थियों को लगाई गई है, जिनकी तिथि तय थी और उनका पहले से रजिस्ट्रेशन था।