अजीतमल (औरैया)। अजीतमल के ब्लाक रोड पर दो और ग्रामीण क्षेत्र में एक संक्रमित मिलने से लोग दहशत में हैं। डॉक्टरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर संपर्क में आए लोगों के सैंपल लिए तथा क्षेत्र का सर्वे किया। साथ ही लोगों से अपील की कि वे इस महामारी से बचने के लिए सावधानी बरतें।
रविवार को कोरोना मरीजों की सूची में अजीतमल कस्बे के ब्लॉक रोड पर 40 वर्षीय आई केयर सेंटर के मालिक सहित एक 25 वर्षीय युवक व गांव चंदनापुर में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर क्षेत्र में दहशत फैल गई।
सोमवार को सुबह मौके पर पहुंची डॉक्टरों की टीम ने ब्लॉक रोड पर निकले दोनों मरीजों के संपर्क में आये 45 लोगों के सैंपल लिए तथा चिकित्सकों की दो टीमों द्वारा 67 घरों के 235 लोगों की जांच की गई। वह क्षेत्र के गांव चंदनापुर में निकले मरीज के संपर्क में आए दो लोगों का सैंपल लिया गया तथा तीन टीमों द्वारा 89 घरों का सर्वे कर 442 लोगों का परीक्षण किया गया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. विमल ने बताया कि ब्लॉक रोड पर निकले दो मरीजों व गांव चंदनापुर में निकले एक मरीज को होम आइसोलेटे किया गया है। उनके संपर्क में आए 47 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। जिसकी रिपोर्ट बनाकर जिले पर भेज दी गई है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी अजीतमल रमापति ने बताया की उनको अभी कोई जानकारी नहीं है। अगर जिले से हॉटस्पॉट क्षेत्र बनने के आदेश आते है तो क्षेत्र को बंद करवाया जाएगा।