फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Auraiya News: पथरी होने पर ली 15 दिन की छुट्टी, प्रधानाध्यापक ने छीन ली रसोइया की नौकरी

Sun, 06 Sep 2026 12:18 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, औरैया
विज्ञापन
विज्ञापन
औरैया। पथरी होने पर रसोइया ने 15 दिन की छुट्टी ले ली। वापस आई तो प्रधानाध्यापक ने नौकरी से निकाल दिया। जीवन यापन के लिए आय के एक मात्र साधन खोने के बाद पीड़ित महिला शनिवार को बिधूना तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची। पीड़िता ने अफसरों को व्यथा सुनाई तो अधिकारी भी चौंक गए। इसी तरह आवास की किस्त और जमीन कब्जे से परेशान दिव्यांग व घटिया सामग्री से नाला निर्माण जैसी शिकायतों ने अधिकारियों का पारा चढ़ा दिया। बिधूना तहसील सभागार में शनिवार को जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन डीएम बृजेश कुमार व एसपी अभिषेक भारती की अध्यक्षता में हुआ। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित 132 फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर नौ शिकायतों का निस्तारण किया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तलब करते हुए जवाब मांगे। वहीं, सदर तहसील सभागार में 116 शिकायतें पहुंचीं। जिनमें पांच का निस्तारण किया गया। एसडीएम ब्रह्मानंद ने जनसुनवाई की।
विज्ञापन


15 साल से सेवाएं दे रही रसोइया की छीन ली गई नौकरी
एरवाकटरा ब्लॉक क्षेत्र के गांव बढिन गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में 15 साल से तैनात रसोइया शांति देवी ने डीएम को बताया कि प्रधानाध्यापक ने उसे नौकरी से निकाल दिया है। पेट में पथरी होने के कारण हाल ही में उसने 15 दिनों की छुट्टी ली थी। आरोप है कि छुट्टी के दौरान प्रधानाध्यापक ने आवेदन देने के नाम पर उनसे सफेद कागज पर हस्ताक्षर करा लिए। वापस आने पर उन्हें ड्यूटी करने से मना कर दिया गया। वेतन भी नहीं दिया गया। पीड़िता ने कहा कि नौकरी से ही उसकी आजीविका चलती है। अब वह दर-दर भटक रही है। न्याय दिलाया जाए।
-
आवास की आखिरी किस्त के लिए चक्कर लगा रहा दिव्यांग
अछल्दा ब्लॉक के दरवनाई गांव निवासी दिव्यांग विजय कुमार ने अधिकारियों को दिए शिकायती पत्र में बताया कि आवास का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। आवास निर्माण के दौरान मनरेगा के तहत मिलने वाली मजदूरी का भुगतान अभी तक नहीं किया गया। उसने कई बार ग्राम विकास अधिकारी व ग्राम प्रधान से शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
विज्ञापन


नाला निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग
अधिवक्ता अवनीश कुमार ने बिधूना नगर पंचायत के कुरकुरा रोड पर चल रहे नाला निर्माण को लेकर शिकायत की। आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की जा रही है। घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से मौके पर जांच कराकर नाला निर्माण मानक के अनुसार कराने की मांग की।
-
बिना सूचना काट दी गई फसल, दूसरे व्यक्ति को दिया कब्जा
एरवाकटरा के सूरजपुर गांव निवासी दिव्यांग अजीत कुमार ने डीएम को बताया कि वह लंबे समय से गाटा संख्या-128 की जमीन पर खेती करते आ रहे हैं। आरोप है कि बिना लिखित नोटिस दिए उनकी खड़ी मक्का और ज्वार की फसल नष्ट कर गोबर की खाद हटाकर किसी अन्य व्यक्ति को कब्जा दिला दिया गया। अजीत कुमार ने शिकायत में कहा कि भूमि संबंधी प्रक्रिया जनवरी 2026 से चल रही है, लेकिन उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया। उन्होंने जांच रिपोर्ट में भूमि को बंजर बताने को भी गलत बताया। शिकायत के साथ फोटो और वीडियो साक्ष्य लगाए जाने की बात कही गई है।
-
अधिकारी पूरी नहीं कर रहे पक्की छत की आस
सदर तहसील सभागार में कनौती गांव निवासी दिव्यांग सूंज देवी पहुंची। वो दोनों पैरों से दिव्यांग हैं। उन्होंने बताया कि पति व एक बेटी के साथ वो झोपड़ी में कई साल से रहने को मजबूर हैं। गांव में कई पात्रों को आवास योजना का लाभ दिया जा चुका है, लेकिन उसकी आस आज दिन तक पूरी नहीं हो सकी है। बारिश के इस मौसम में झोपड़ी में रहना चुनौतीपूर्ण हो गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें