-विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अधिनियम कोर्ट में सुनाया गया फैसला
-दिबियापुर थाना क्षेत्र एक गांव में साढ़े छह साल पुराना मामला
संवाद न्यूज़ एजेंसी
औरैया। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो अधिनियम) अखिलेश्वर प्रसाद मिश्र की अदालत ने साढ़े छह साल पुराने मामले में फैसला सुनाया है। कोर्ट ने थाना दिबियापुर क्षेत्र से 10वीं की छात्रा का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने के दोषी सदर कोतवाली के गांव बहादुरपुर निवासी छोटू उर्फ अरुण कुमार को 20 साल की सजा सुनाई। साथ ही दोषी पर 35 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया।
अभियोजन के अनुसार मामला 20 अगस्त 2019 का है। वादी मुकदमा ने दिबियापुर थाने में मामला दर्ज करते हुए बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी कंचौसी स्थित मानस इंटर कॉलेज में कक्षा 10 की छात्रा थी। वह सुबह नौ बजे स्कूल के लिए निकली थी लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी। खोजबीन के दौरान पता चला कि गांव बहादुरपुर निवासी छोटू उर्फ अरुण कुमार छात्रा का अपहरण कर ले गया। आरोपी गांव में ट्रैक्टर चलाता था और अक्सर पीड़िता से मोबाइल पर बात करता था।
ग्रामीणों से पता चला कि छोटू स्कूल जाते समय लड़कियों का रास्ता रोककर छेड़खानी भी करता था। पुलिस ने विवेचना के बाद आरोपी खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया। मामले की सुनवाई विशेष न्यायालय पॉक्सो कोर्ट में चली। अभियोजन का पक्ष आरोपी को सजा सुनाए जाने की पैरवी की।
दूसरी ओर बचाव पक्ष के वकील ने अपने मुवक्किल को निर्दोष बताया। दोनों पक्षों की दलीलों और सबूतों को देखने के बाद न्यायाधीश अखिलेश्वर प्रसाद मिश्र ने अभियुक्त छोटू को दोषी करार दिया। कोर्ट ने आदेश दिया कि यदि दोषी अर्थदंड की राशि 35 हजार रुपये जमा नहीं करता है तो उसे छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। अदालत ने यह भी आदेश दिया कि जमा की गई अर्थदंड की राशि का 50 प्रतिशत हिस्सा पीड़िता को मुआवजे के रूप में दिया जाए। सजा सुनाए जाने के बाद दोषी को इटावा जेल भेज दिया गया।