रुरुगंज। ग्रामीणांचल को 18 घंटे बिजली आपूर्ति मुहैया कराने का शासन का फरमान कुदरकोट में अधिकारियों की मनमानी व अनदेखी की भेंट चढ़ा हुआ है। इससे भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। इससे उपभोक्ताओं में बिजली अधिकारियों के प्रति आक्रोश पनप रहा है।
बिजली उपकेंद्र कुदरकोट कस्बा समेत क्षेत्र में बिजली की अघोषित कटौती थमने का नाम नहीं ले रही है। रात दिन मनमाने तरीके से बिजली का रोस्टर चल रहा है। रात की कटौती से लोग रात भर चैन की नींद भी पूरी नहीं कर पा रहे हैं। तो दिन में भी अक्सर बिना सूचना के आपूर्ति काटे जाने से लोग भीषण गर्मी में बेहाल हैं। बताते चलें कि जिला मुख्यालय पर 24 घंटे और ग्रामीणांचल में 18 घंटे बिजली आपूर्ति दिए जाने का रोस्टर निर्धारित है।
इसके बावजूद ग्रामीणांचल में निर्धारित रोस्टर की अनदेखी कर बिजली आपूर्ति की जा रही है। कुदरकोट कस्बा निवासी गौरव शुक्ला दुष्यंत सिंह आशु तिवारी मोनू दीक्षित आदि लोगों ने बताया कि रात के समय कब बिजली कट जाए पता नहीं चलता। यही हालत दिन में रहती है। इधर रुक रुककर हो रही बारिश से बढ़ी उमस लोगों को बेचैन किए हुए है। वहीं अघोषित बिजली कटौती उपभोक्ताओं का जीना दुश्वार किए हुए है।
उपभोक्ताओं ने बताया कि प्रतिदिन चार से पांच घंटे कटौती होती है। इससे कस्बे को महज 12-13 घंटे ही आपूर्ति मिल पा रही है। इस संबंध में विभाग के जेई मोहित रस्तोगी ने बताया कि जितनी आपूर्ति ऊपर से मिल रही है, उतनी दी जा रही है।