जिले में आयोजित चकबंदी लेखपाल परीक्षा जिला प्रशासन की सख्त तैयारियां के बावजूद आयोग की गलती से परीक्षार्थियों के लिए मुसीबत बन गई। आयोग की ओर से जारी प्रवेश पत्रों में परीक्षा केंद्र और जिले का ही नाम अंकित होने से परीक्षार्थी केंद्र तलाशने को इधर-उधर भटकते रहे। घंटों परेशान होने के बाद पहुंचे परीक्षार्थियों ने कई केंद्रों पर हंगामा भी किया। वहीं दिबियापुर में पेपर आउट होने का मामला सामने आया।
बिधूना के इस्लामियां इंटर कालेज में प्रवेश पत्र को लेकर परीक्षार्थी भड़क गए। सूचना पर पहुंची डीएम माला श्रीवास्तव व एसपी मनोज तिवारी को परीक्षार्थियों ने स्थिति से अवगत कराया। परीक्षार्थियों का कहना था कि वह काफी देर से भटक रहे हैं।
बावजूद केंद्र की सही स्थिति की जानकारी न हो पाने के कारण समय से नहीं पहुंच सके हैं। इस पर डीएम ने परीक्षार्थियों से हंगामा न करके अपनी समस्या लिखकर देने की अपील की। जिस पर परीक्षार्थियों ने शिकायती पत्र डीएम को सौंपा।
डीएम के कहने पर वहां मौजूद बहुत से परीक्षार्थियों ने निर्धारित समय से डेढ़ घंटे बाद परीक्षा दी।
उधर शहर के डा. अनुराधा त्रिपाठी महिला इंटर कालेज में परीक्षा के दौरान कक्ष संख्या 9 में परीक्षार्थियों को गलत आंसरशीट बांटे जाने पर हंगामा हो गया।
सभी परीक्षार्थियों ने आंसरसीट पर अपना नाम व रोल नंबर अंकित कर दिया। आधा घंटे तक परीक्षा होने के बाद किसी छात्र ने गलत आंसरशीट मिलने की बात कह दी। इसी बात से कक्ष में हंगामा शुरू हो गया। आनन-फानन में कक्ष निरीक्षक ने सभी कापियां जमा कराईं। इस पर समय बर्बाद होते देख परीक्षार्थियों में प्रश्न पत्र को लेकर छीना झपटी शुरू हो गई। इसमें एक आंसरशीट फट गई।
इंसेट
शांतिपूर्ण तरीके से निपटी परीक्षा
अजीतमल। चकबंदी लेखपाल परीक्षा प्रशासन की कड़ी चौकसी के बीच कराई गई। अधिकारी परीक्षा केंद्रों पर गश्त करते रहे। रविवार को चकबंदी लेखपाल भर्ती परीक्षा देनेे के लिए कस्बे में परीक्षार्थियों की भीड़ परीक्षा केंद्रों के बाहर लगी रही। कस्बे के चार केंद्रों पर सुबह की पाली में शुरू हुई परीक्षा से पहले ही परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद कक्ष में प्रवेश दिया गया। परीक्षार्थियों के मोबाइल व पर्स तक जमा करा लिए गए।
वहीं फफूंद प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में पांच परीक्षा केंद्रों पर लेखपाल परीक्षा कराई गई। श्री गुलजारी लाल बालिका इंटर कॉलेज में 352 में 84 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। श्री राधा बल्लभ इंटर कॉलेज में 497 में 117 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। राधा कृष्ण इंटर कॉलेज में 500 में 138 परीक्षार्थी अनुपस्थित मिले। डा. जाकिर हुसैन नेशनल इस्लामियां इंटर कॉलेज में 500 में 157 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। किसान इंटर कालेज भाग्यनगर में 308 में 74 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
प्रवेश पत्र में परीक्षा केंद्र की स्थिति स्पष्ट न होने की जानकारी मिली है। इस बारे में आयोग से बात की गई। आयोग के निर्देश पर मौके पर मौजूद सभी परीक्षार्थियों की परीक्षा कराई गई है। परीक्षा केंद्रों की सूची व ब्यौरा उनसे नहीं मांगा गया था। वह आयोग से ही प्रवेश पत्रों पर अंकित होकर आया था। ऐसे में आयोग को सभी बात स्पष्ट कर दी गई है। छूटे परीक्षार्थियों का क्या होगा यह आयोग के निर्णय पर निर्भर करता है।
माला श्रीवास्तव, डीएम