अछल्दा। हजरत सैय्यद मुहब्बत शाह बाबा के दो दिवसीय 40वें सालाना उर्स मुबारक का रविवार को समापन हो गया। इस मौके पर कव्वाली कार्यक्रम का आयोजन हुआ। दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव व नगर पंचायत अध्यक्ष अरुण दुबे मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में दिबियापुर विधायक ने कहा कि अछल्दा में हिंदू मुस्लिम का जो प्यार देखने को मिला है। वो काबिले तारीफ है। हिंदू-मुस्लिम सब आपस में भाई भाई हैं। कभी कोई भेदभाव नहीं हुआ है। हमें आपस में ऐसे ही मिलकर रहना चाहिए। नगरिया रोड स्थित सैयद बाबा की दरगाह पर सभी समुदाय के लोगों ने माथा टेका।
रविवार को कव्वाली में हजारों लोगों ने चादर चढ़ाकर अमन चैन की दुआ मांगी। देर रात हुई कव्वाली में मशहूर कव्वाल ताहिर चिश्ती ने पीर पैगंबर और संतों ने सबने दिया पैगाम, वह है जग का पालने वाला वो ही बनाए काम गाकर समा बांध दिया। इस मौके पर कमेटी अध्यक्ष सुलेमान खां, मुहम्मद हसरत, मुहम्मद मुस्तकीन, फिरोज खान, वसीम, सीपू गुप्ता, यशवंत राव प्रधान, दलीप यादव आदि लोग मौजूद रहे। (संवाद)