औरैया। गरीब कल्याण योजना के तहत जून माह में अंत्योदय कार्डधारकों को निशुल्क राशन लेने के साथ ही तीन किलो चीनी खरीदनी पड़ेगी। शासन की ओर से जारी हुए आदेश के तहत तीन किलो प्रति कार्ड पर चीनी के लिए कार्ड धारक को 18 रुपये प्रति किलो के हिसाब से रुपये चुकता करने पड़ेंगे। इसे अनिवार्य किया गया है।
चीनी की निर्धारित कीमत देने के साथ ही निशुल्क राशन मुहैया कराया जाएगा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के तहत जिले में संचालित 618 कोटे की दुकानों से 51506 अंत्योदय कार्डधारक संबद्ध हैं। पात्र गृहस्थी के करीब एक लाख 20 हजार धारक है। जिन्हें महज निशुल्क राशन ही दिया जाएगा। जारी हुए आदेश के तहत 13 से 22 जून तक पात्रों को लाभ दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। वितरण के दौरान अंत्योदय कार्डधारकों को 14 किलोग्राम गेहूं व 21 किलोग्राम चावल समेत तीन किलोग्राम चीनी दी जाएगी।
उपभोक्ताओं को चीनी के लिए 18 रुपये प्रति किलो के हिसाब से 54 रुपये चुकता करने पड़ेंगे। जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय की ओर से गोदाम में जमा राशन व चीनी की खेप को कोटे पर डोर स्टेप डिलेवरी के तहत पहुंचाया जा चुका है। जारी हुए रोस्टर के तहत वितरण शुरू होना है। किसी तरह की गलतफहमी न हो इसे लेकर कोटेदारों को प्रचार-प्रसार करने के लिए कहा गया है। दुकान के बाहर निर्देश चिपकाए जा रहे हैं। पारदर्शी तरीके से वितरण संपन्न हो इसके लिए पर्यवेक्षक की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी देवमणि मिश्रा ने कहा कि राशन दुकानों पर प्वाइंट आफ सेल से आधार बेस राशन वितरित किया जाएगा। मशीन में आधार कार्ड प्रमाणीकरण में परेशानी होने पर वितरण के अंतिम दिन पंजीकृत मोबाइल पर आई ओटीपी की मदद से उपभोक्ता को राशन दिया जाएगा। किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो इसे लेकर कोटेदारों को सजग किया गया है। कोई भी उपभोक्ता वंचित न हो इसे सुनिश्चित कराया जाएगा।