औरैया। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लखनऊ में श्रमवीर गौरव समारोह शुक्रवार को कलक्ट्रेट के मानस सभागार में दिखाया गया।
सजीव प्रसारण को देखने के बाद अधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने पांच लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी दिए। इसके बाद योजनाओं को लेकर श्रमिकों से संवाद किया।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया व डीएम बृजेश कुमार समेत अन्य अधिकारियों व श्रमिकों ने देखा। जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे ने उप्र भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा मातृत्व शिशु व बालिका मदद योजना की जानकारी दी। साथ ही कन्या विवाह सहायता योजना, ई-श्रम योजना आदि का लाभ लेने के लिए श्रमिकों को जागरूक किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने संत रविदास शिक्षा सहायता योजना, निर्माण कामगार मृत्यु व दिव्यागंता सहायता योजना व प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के बारे में बताया। श्रमिकों से अपील की गई कि वह अपना व अपने आसपास के श्रमिकों का भी ज्यादा से ज्यादा पंजीयन कराएं। डीएम बृजेश कुमार ने अटल आवासीय विद्यालय योजना के बारे में बताया।