औरैया। शासन ने ब्लॉक अछल्दा व एरवाकटरा में एक-एक शीतगृह के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी है। करीब चार करोड़ रुपये से एक कोल्ड स्टोरेज का निर्माण होगा। इनकी क्षमता पांच हजार मीट्रिक टन होगी। इसमें 50 फीसदी का अनुदान लाभार्थी को दिया जाएगा।
जिला उद्यान अधिकारी अनूप चतुर्वेदी ने बताया कि लंबे समय से अछल्दा और एरवाकटरा ब्लॉक में कोल्ड स्टोरेज की मांग किसान कर रहे थे। शासन को इसका प्रस्ताव भेजा गया था। इसे स्वीकृति मिल गई है। जो किसान कोल्ड स्टोरेज के लिए इच्छुक हैं, वह विकास भवन स्थित उद्यान विभाग के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
योजना का लाभ पहले और पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। अछल्दा व एरवाकटरा में कोल्ड स्टोरेज स्वीकृत होने से क्षेत्रीय किसानों में खुशी है। उनका कहना है कि आलू रखने के लिए इटावा व आसपास के जिलों में जाना पड़ता है। कोल्ड स्टोरेज का निर्माण होने से उन्हें सुविधा होगी।