फोटो-9- मरीजों को परामर्श देते डॉक्टर। संवाद
औरैया। जाती हुई ठंड बुजुर्गों को बीमार बना रही है। सुबह-शाम हो रही हल्की ठंड में जरा सी लापरवाही बुजुर्गों को भारी पड़ रही है।
खास तौर पर दमा व गठिया के मरीजों में यह दिक्कत देखी जा रही है। इन्हें सुबह शाम और रात के समय ठंड से बचाव की सलाह दी जा रही है।
शहर के जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी पर इन दिनों बुजुर्ग मरीजों की संख्या बढ़ी है। सुबह शाम टहलने वाले बुजुर्गों में दमा के लक्षण देखे जा रहे हैं। उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही है। इन मरीजों में गठिया के भी लक्षण भी दिख रहे हैं। शरीर के जोड़ों में दर्द बढ़ने पर मरीज दवा भी ले रहे हैं।
डॉ. रश्मि यादव ने बताया कि दिन में चटक धूप के चलते लोग ठंड न होने का अहसास कर रहे हैं। लेकिन सुबह शाम और रात के समय तापमान में गिरावट हो रही है। इस ठंड से बचाव करने की जरूरत है। सांस लेने में दिक्कत होने पर मरीजों को इन्हेलर से दवा दी जा रही है। वहीं गठिया की समस्या को लेकर उपचार किया जा रहा है।