दिबियापुर (औरैया)। शुक्रवार देर शाम कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। लाखन सिंह ने जिले में चल रहे विकास कार्यों के संबंध में चर्चा की। अभी तक शुरू नहीं हो सके विकास कार्यों को शुरू कराने को लेकर ध्यान आकृष्ट कराया।
कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने बताया कि शुक्रवार की शाम उनकी प्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात हुई। उन्होंने विलरायां पनवाड़ी राजमार्ग के औरैया जिले में बचे हिस्से को फोरलेन कराए जाने का प्रस्ताव रखा। फोरलेन बनाए जाने पर कंचौसी से बिझाई होते हुए असेनी तक बाईपास बनवाने का भी प्रस्ताव रखा। जून माह में नहरों में पानी न आने की भी समस्या से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। इसके साथ ही जिले में प्रस्तावित निर्माण कार्य राजकीय मेडिकल कालेज एवं अत्याधुनिक बस अड्डे का निर्माण शुरू न होने पर भी चर्चा की। निर्देशित किया कि कोरोना संक्रमण काल में प्रवासी मजदूरों को काम मिले, इसपर ध्यान दें। इसके साथ ही मजदूरों को सरकारी राशन भी उपलब्ध हो। यहां बता दें कि दिबियापुर विधायक, कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह, बांदा जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं।