दिबियापुर।
राणानगर स्थित रामगढ़ रोड किनारे स्थित हरचंदपुर रजबहा में गंदगी के बीच डेंगू पनप रहा है। आसपास के कई घरों में लोग बुखार से पीड़ित हैं। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने बंबे के आसपास सफाई और छिड़काव शुरू करा दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बंबे में गंदगी के कारण पानी रूका हुआ है। अच्छे से सफाई होने के बाद ही पानी आगे बढ़ेगा।
दिबियापुर नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में चार डेंगू संक्रमित मिल चुके हैं। इनका अलग अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। इस बीच राणानगर निवासी सेवानिवृत्त फौजी की बुखार के मृत्यु हो जाने के कारण प्रशासन में खलबली मची है। सोमवार को दिबियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डाॅ. विजय आनंद व सीएमओ कार्यालय की स्वास्थ्य टीम ने पहुंचकर बुखार पीड़ितों की स्लाइड बनाई। हालांकि किसी भी मरीज को डेंगू की पुष्टि नहीं हुई।
लोगों ने हरचंदपुर रजबहा में गंदगी का अंबार होने के कारण पानी रूके होने की जानकारी स्वास्थ्य टीम को दी थी। आरोप लगाया था कि हरचंदपुर रजबहा के आसपास रहने वाले ही बुखार और डेंगू से पीड़ित हैं। मंगलवार को नगर पंचायत के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर साफ सफाई की। साथ ही एंटी लार्वा का छिड़काव भी किया। नगर पंचायत कर्मियों द्वारा साफ सफाई किए जाने के बावजूद बंबे में गंदगी का अंबार रहा। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता पीएस पटेल का कहना है जल्द ही जेसीबी की मदद से रजबहा की साफ सफाई कराई जाएगी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय आनंद का कहना है कि मंगलवार को किसी नए मरीज की पुष्टि नहीं हुई है।