औरैया। नई पेंशन नीति का विरोध कर रहे कर्मचारियों के संगठन अटेवा द्वारा मेल और ट्विटर पर आठ व नौ अगस्त को अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत प्रधानमंत्री, वित्तमंत्री व मुख्यमंत्री सहित विपक्षी दलों के प्रमुख नेताओं को मेल व ट्वीट द्वारा पुरानी पेंशन की मांग की गई। जिले से शिक्षकों सहित सैकड़ों कर्मचारियों ने अभियान में भाग लिया।
अटेवा जिलाध्यक्ष अमन यादव ने बताया कि सभी कर्मचारियों की प्रमुख मांग पुरानी पेंशन है। इसके लिए संघर्ष कर रहे एक मात्र संगठन एनएमओपीएस व अटेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के निर्देश पर इस ऐतिहासिक दिन देश भर के कर्मचारियों द्वारा एनपीएस निजीकरण भारत छोड़ो अभियान चलाया जा रहा है। आठ अगस्त को पीएम व सीएम सहित देश के प्रमुख नेताओं को मेल भेजी गई। अब नौ अगस्त को जिले से सैकड़ों कर्मचारियों ने इस अभियान में शामिल होकर ट्विटर के जरिए प्रमुख नेताओं को टैग कर हैशटैग के जरिए पेंशन में निजीकरण का विरोध दर्ज किया है। इस वजह से शाम तक ट्विटर पर कर्मचारियों की प्रमुख मांग को टॉप पर पहुंचाना है।