औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव सहवाजपुर समीप संपर्क मार्ग पर रविवार शाम एक बालक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसा देख मौके से निकल रहे राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन लहूलुहान हालत में बालक को लेकर 50 शैया जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टर ने बालक को मृत घोषित कर दिया।
सहवाजपुर गांव निवासी रवि का 12 वर्षीय पुत्र विजय रविवार शाम घर से खेलने के लिए निकला। गांव में स्कूल के पास से वह वापस सड़क के रास्ते घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह दूर जा गिरा। हादसा देख राहगीरों ने कार रोक ली। चालक मौके से भाग निकला। वहीं, सूचना पर पहुंचे परिजन विजय को लेकर 50 शैया जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टर ने बालक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। सदर कोतवाल पंकज मिश्रा ने बताया कि बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।