संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर स्पेशल मेमू ट्रेन में सात वर्ष का अकेला बच्चा चढ़ गया। फिरोजाबाद से फफूंद रेलवे स्टेशन तक प्रत्येक कोच में तलाशी के बाद बच्चा मिला तो रेलवे पुलिस ने राहत की सांस ली।
मंगलवार सुबह तकरीबन सात बजे फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर हमीरपुर जिले के गांव सिसोलर निवासी अनीस पुत्र सत्तार बेटे अहमद रजा (7) के साथ कानपुर जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। फिरोजाबाद स्टेशन पर 04188 स्पेशल मेमू रूकी तो देखा कि अहमद रजा गायब है। इस पर उन्होंने जीआरपी फिरोजाबाद को सूचना दी। बताया कि अहमद रजा ट्रेन में ही चढ़ गया है। इस पर जीआरपी पुलिस ने रेलवे कंट्रोल को सूचना दी। ट्रेन में जीआरपी स्कार्ट के माध्यम से सभी कोचों में तलाशी शुरू की गई।
ट्रेन में मौजूद स्कॉर्ट में नियुक्त आरक्षी सुखबीर सिंह, संजीव कुमार एवं प्लेटफार्म ड्यूटी कांस्टेबल दिलीप कुमार ने बच्चे को ट्रेन में ही खोज निकाला। फफूंद में बच्चे को उतारकर जीआरपी चौकी प्रभारी जयकिशोर ने पूरी जानकारी ली। बाद में जीआरपी फिरोजाबाद को बच्चे की फोटो भेजकर पिता को दिखाई। बाद में कालका एक्सप्रेस से फफूंद पहुंचे पिता अनीस को बच्चा सुपुर्द कर दिया गया।