औरैया। आंखों की खूबसूरती बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले सस्ते कलरफुल कॉन्टैक्ट लेंस स्वास्थ्य के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। इससे आंखों में संक्रमण और एलर्जी के मामलों में इजाफा देखा जा रहा है।
डॉक्टरों के अनुसार शादी-पार्टी, फोटोशूट और सोशल मीडिया के लिए आकर्षक दिखने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में लोग बिना किसी सलाह के लेंस का इस्तेमाल कर रहे हैं। बाजार में आसानी से उपलब्ध सस्ते और बिना गुणवत्ता जांच के लेंस आंखों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं।
मेडिकल कॉलेज की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पूनम तिवारी ने बताया कि लंबे समय तक लेंस लगाने से आंखों में जलन, खुजली, लालिमा और पानी आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कई मामलों में संक्रमण बढ़ने पर आंखों की रोशनी पर भी असर पड़ सकता है। गलत तरीके से लेंस पहनने या बिना साफ-सफाई के इस्तेमाल करने से कॉर्नियल अल्सर जैसी गंभीर समस्या का खतरा भी रहता है।
जिला अस्पताल और निजी क्लीनिकों में हाल ही के दिनों में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ी है, जो कॉस्मेटिक लेंस के उपयोग के बाद आंखों में जलन, दर्द या संक्रमण की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। जांच में सामने आया है कि अधिकांश लोग लेंस पहनने और निकालने के दौरान साफ-सफाई के नियमों का पालन नहीं करते, जबकि कई लोग दूसरे का लेंस भी इस्तेमाल कर लेते हैं।
विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि कॉन्टैक्ट लेंस हमेशा डॉक्टर की सलाह से ही खरीदें और इस्तेमाल करें। लेंस लगाने से पहले और बाद में हाथों की सफाई, सही सॉल्यूशन का उपयोग और समय-सीमा का पालन बेहद जरूरी है। आंखों में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।